रुद्रप्रयाग: केदारनाथ यात्रा में इस बार लोकल लैंग्वेज को लेकर जवानों की तैनाती होने जा रही है, ऐसा इसलिए किया जा रहा है क्योंकि देश के विभिन्न राज्यों से आये तीर्थयात्रियों को भाषा समझने में दिक्कत महसूस होती है, यात्रा मार्ग पर व्यवहारिक जवानों को तैनात किया जाने पर विचार किया जा रहा है, केदारनाथ यात्रा में देश-विदेश से लाखों की संख्या में श्रद्धालु पहुंचते हैं, लेकिन उन्हें सुविधाएं नहीं मिलने से परेशानियों का सामना करना पड़ता है। इस बार पुलिस प्रशासन की ओर से यात्रियों को बेहतर से बेहतर सुविधाएं देने के प्रयास किये जायेंगे। एसपी रुद्रप्रयाग विशाखा भदाणे के मुताबिक यात्रा के दौरान लोकल लैंग्वेज की बड़ी समस्या होती है। बाहरी राज्यों से आये कई यात्री ऐसे होते हैं जो अपनी भाषा में ही समझ पाते हैं। उन्हें यहां तक हिन्दी भाषा का भी ज्ञान नहीं होता है ऐसे में पुलिस प्रशासन की ओर से यात्रियों के लिए ऐसे जवानों की तैनाती की जायेगी जो विभिन्न राज्यों की भाषाओं का ज्ञान रख सकें। इसके अलावा उन जवानों का चयन किया जायेगा जिनकी व्यवहारिकता ही उनकी पहचान है। ऐसे जवानों को केदारनाथ यात्रा में तैनात किया जायेगा जिससे वे तीर्थयात्रियों को व्यवहार कुशलता से समझा सकें और उनकी हर संभव मदद कर सकें।




error: